कठुआ। विंटर जोन के स्कूलों में समय सारिणी को लेकर असमंजस खत्म हो गया है। जिले के पहाड़ी इलाकों के मौसम को देखते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी कठुआ ने इन स्कूलों को पूर्व निधार्रित सुबह दस से दोपहर चार बजे तक की समयसारिणी के अनुसार खोलने के निर्देश दिए हैं। सोमवार से अब बच्चो पूर्व की तरह ही स्कूलों में जाएंगे। ऐसे में सुबह जल्दी स्कूल जाने और इसके बाद घर आकर फिर ऑनलाइन कक्षाएं लगाने की जरूरत नहीं होगी। दरअसल, जिले के पहाड़ी इलाकों में विद्यार्थियों की कई तरह की दिक्कतें सामने आई थीं। स्कूल तक आने जाने में बच्चों को दो दो घंटे का पैदल सफर हो कई जगह मोबाइल नेटवर्क न मिलने से बच्चों को नई समय सारिणी के अनुसार दिक्कतें झेलनी पड़ रही थीं। मामले में स्थानीय विधायक डॉ रामेश्वर सिंह ने भी शिक्षा मंत्री को लिखा था। वहीं स्थानीय विद्यार्थियों ने भी एसडीएम से मुलाकात कर गुहार लगाई थी। मुख्य शिक्षा अधिकारी राजीव अबरोल ने बताया कि स्कूलों का समय पहले की ही तरह सुबह दस बजे से दोपहर चार बजे तक करने के निर्देश दिए हैं। कठुआ जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम अनुकूल है। संवाद