कठुआ नगर परिषद और लखनपुर नगर कमेटी के बाद तीसरी निकाय में लगेंगे स्मार्ट पैसेंजर शेड
धूप और बारिश से यात्रियों को बचाने के अलावा यह अत्याधुनिक सुविधाओं से भी लैस
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। कठुआ शहर और लखनपुर के बाद नगरी परोल अब स्मार्ट होने जा रहा है। जिला प्रशासन ने यहां तीन नए स्मार्ट पैसेंजर शेड तैयार करवाने का काम शुरू किया है। खास बात यह है कि धूप और बारिश से यात्रियों को बचाने के अलावा यह अत्याधुनिक सुविधाओं से भी लैस हैं।
जिले में नगरी परोल ऐसी तीसरी निकाय है, जहां जिला प्रशासन ने स्मार्ट पैसेंजर शेड तैयार करवाए हैं। एलईडी लाइटों से खूबसूरत दिखने के लिए अलावा यहां बैठने के लिए बैंच, फोन के लिए चार्जिंग स्टेशन और डिस्पले पर जिले के खूबसूरत पर्यटन स्थलों के साथ-साथ तापमान, समय और लोकेशन की भी जानकारी मिलती रहेगी। इसमें एक अस्पताल चौक पर, एक नए पुल के पास और एक नगर कमेटी को जाने वाले रास्ते पर तैयार किया जा रहा है।
इससे पहले जिला प्रशासन ने कठुआ और फिर लखनपुर में इस तरह के पैसेंजर शेड तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की थी। यह मुखर्जी चौक, डीसी कार्यालय के पास, कालीबड़ी चौक के अलावा डिग्री कॉलेज, शहीदी चौक में तैयार किए गए हैं। उधर, लखनपुर में भी तीन स्मार्ट पैसेंजर शेड तैयार किए गए हैं।
प्रशासन इस तरह के 20 स्मार्ट पैसेंजर शेड तैयार करवा रहा है। तेजी से विकसित हो रहे कठुआ शहर के लोगों के लिए यह सुविधाजनक होंगे।
डॉ. राकेश मिन्हास, डीसी कठुआ
नगरी परोल निकाय में तीन जगह स्मार्ट पैसेंजर शेड तैयार किए जाएंगे। इसमें एक अस्पताल चौक पर, एक नए पुल के पास और एक नगर कमेटी को जाने वाले रास्ते पर तैयार किया जा रहा है। यह आकर्षक होने के साथ ही लोगों की लिए सुविधाजनक भी होंगे। इससे कसबे की खूबसूरती भी बढ़ेगी।
पृथ्वी राज सांगड़ा, कार्यकारी अधिकारी नगर कमेटी नगरी परोल