कठुआ को मिला 120 कार क्षमता वाला तीन मंजिला पार्किंग कॉम्प्लेक्स, मुख्यमंत्री ने केंद्र-राज्य सहयोग पर जोर दिया
कठुआ। कठुआ शहर को शनिवार को एक बड़ी शहरी सुविधा मिली जब केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने संयुक्त रूप से नगर निगम परिसर में निर्मित तीन मंजिला पार्किंग कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। यह सुविधा एक साथ 120 कारों को पार्किंग स्पेस उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उद्घाटन समारोह में जोर देकर कहा कि जम्मू-कश्मीर का विकास केंद्र और राज्य सरकार के बीच सहयोग पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा, स्वच्छ पेयजल, बिजली, बेहतर सड़कें, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम केंद्र सरकार के साथ मिलकर नागरिकों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने का प्रयास जारी रखेंगे।
इस अवसर पर जसरोटा विधायक राजीव जसरोटिया, कठुआ विधायक डॉ. भारत भूषण, बनी विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह और आवास एवं शहरी विकास विभाग की आयुक्त सचिव मंदीप कौर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
शहरी यातायात समाधान की दिशा में पहला कदम
मुखर्जी चौक पर बनी यह पार्किंग शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय दुकानदार मधुर महाजन ने कहा, यह पार्किंग न केवल ग्राहकों के लिए फायदेमंद होगी, बल्कि दुकानदारों और आसपास के कार्यालय कर्मचारियों को भी लाभ होगा। हालांकि, पार्किंग शुल्क उचित रखना जरूरी है ताकि लोग इसका उपयोग करें।
कठुआ विधायक डॉ. भारत भूषण ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, शहर के केंद्र में यह पार्किंग सुविधा नागरिकों के लिए वरदान साबित होगी। अब हमें शहर के अन्य भागों में भी ऐसी ही सुविधाएं विकसित करने की आवश्यकता है।
वीआईपी दौरे के लिए विशेष तैयारियां
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने विशेष तैयारियां की थीं। रातोंरात शहर की सड़कों पर मौजूद गड्ढों को भर दिया गया और मुख्य मार्गों पर सफाई व चूना पोताई की गई। मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री को हेलिकॉप्टर के बजाय सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ी, जिसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
भविष्य की चुनौतियां
स्थानीय नागरिक शुभम जसरोटिया ने कहा कि शहर में वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह पार्किंग सुविधा अकेले पर्याप्त नहीं होगी। उन्होंने कहा, शहीदी चौक, काली बड़ी और डीसी कार्यालय जैसे अन्य स्थानों पर भी पार्किंग सुविधाएं विकसित करने की तत्काल आवश्यकता है। वर्तमान सुविधा आने वाले कुछ वर्षों में अपर्याप्त साबित हो सकती है।
इस पार्किंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण से न केवल शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में यातायात संबंधी समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है, बल्कि यह नगर निगम के लिए आय का एक नया स्रोत भी साबित हो सकता है। प्रशासन का लक्ष्य है कि यह सुविधा नागरिकों को वाहन चोरी के भय से मुक्ति दिलाने में भी सहायक होगी।
प्रोटोकॉल के तहत बैठने का नहीं मिला इंतजाम, हीरानगर विधायक ने कार्यक्रम का बायकॉट किया
हीरानगर विधायक एडवोकेट विजय शर्मा शहीद भगत सिंह यादगार हॉल में किए गए बैठने के इंतजामों को लेकर खासे नाराज दिखे। बैठने की उचित जगह न मिली तो उन्होंने कार्यक्रम का बायकॉट किया और बाहर निकल जाए। विधायक ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि में जिले के एक विधानसभा का विधायक हूं। वहां किए गए बैठने के इंतजाम सही नहीं थे। सरकार ने प्रोटोकॉल सभी विधायकों को दिए हैं। जब प्रोटोकॉल के हिसाब से बैठाया ही नहीं जा रहा है तो कार्यक्रम में क्यूं भाग लेना। उन्होंने कहा कि मैं 35 किलोमीटर दूर से आया हूं। यहां विधायकों से भी भेदभाव किया जा रहा है।