कठुआ। नए शैक्षणिक सत्र में जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने के लिए जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) मंगत राम शर्मा कई स्कूलों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने दूरदराज के पहाड़ी शिक्षा जोन मल्हार का दौरा किया। वहां के शिक्षक समग्र शिक्षा योजना से मिली निधि का ब्योरा नहीं दे पाए। वहां के विद्यार्थियों को सही से पढ़ना, लिखना न आने पर भी सीईओ ने नाराजगी जताई।
सीईओ ने बिलावर से हाल में शिफ्ट हुए मल्हार शिक्षा जोन अधिकारी के कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद वह हाईस्कूल नलेऊ पहुंचे। जब वह विद्यार्थियों के साथ रूबरू हुए तो उन्होंने पाया कि स्कूल के विद्यार्थियों को न तो सही पढ़ना आ रहा है और न ही लिखना। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और स्कूल के शिक्षकों को शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निर्देश दिए।
जांच के दौरान समग्र शिक्षा योजना से मिली निधि का ब्योरा मांगा गया तो वहां बताया गया कि इससे संबंधित फाइल जिस अलमारी में रखी है, अभी उसकी चाभी नहीं मिल रही है। इस जवाब से असंतुष्ट सीईओ ने पूरी फाइल लेकर उनके कार्यालय आने के निर्देश जारी किए।
उन्होंने हायर सेकेंडरी स्कूल मल्हार में शिक्षकों ने 40 साल पुराने जर्जर टिनशेड में कक्षाओं के संचालन की मजबूरी बताई। उन्होंने सीईओ से नया भवन बनाने की मांग की। इसलिए सीईओ ने शिक्षकों को बताया कि स्कूल में छह नए कमरों समेत चहारदीवारी का भी निर्माण किया जाएगा। यह निर्माण कार्य एक सप्ताह में शुरू हो जाएगा।