बनी में मेधावी छात्रा को सम्मानित करते मुख्य शिक्षा अधिकारी मंगत राम शर्मा।
बनी। मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) मंगत राम शर्मा ने बनी जोन के विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद किया। सीईओ ने वार्षिक नियमित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों की सराहना कर उन्हें सम्मानित किया। अनाथ छात्रों को ड्रेस भी बांटी गई।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान विशिष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर उनके परिश्रम और समर्पण को मान्यता दी गई। वहां योग सत्र भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अभिभावकों और विद्यालय स्टाफ की उपस्थिति ने यह दर्शाया कि विद्यार्थियों की सफलता में परिवार का योगदान भी जरूरी है। विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार आनंद के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करने के लिए आयोजित किया गया था।
सीईओ की इस सराहनीय पहल और छात्रों की उपलब्धियों को पहचान देने से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ा। उन्होंने अपने लक्ष्यों की ओर और अधिक मेहनत से अग्रसर होने की प्रेरणा ली। सभी लोगों ने विद्यालय की ओर से छात्र उत्कृष्टता को सम्मानित करने के प्रयास की सराहना की। इस दौरान उनके साथ क्लस्टर हेड प्रधानाचार्य मनोज कुमार आनंद और लोवांग क्लस्टर की हेड प्रधानाचार्य संजीवता आनंद भी मौजूद रहीं।