बनी के सरथली नाले के पास युवक का शव मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे परिजन संवाद
तीन दिन से लापता युवक का शव बुधवार की सुबह लोवांग क्षेत्र के सरथल नाले में मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस ने शव को नाले से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत किन कारणों से हुई यह शाम तक साफ नहीं हो पाया। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त 26 वर्षीय मुदस्सर हुसैन पुत्र लियाकत अली निवासी लोवांग के रूप में की। परिवारवालों के अनुसार मुदस्सर परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और तीन महीने पहले ही उसका विवाह हुआ था। कुछ दिन पहले वह सरथल गया था। तब से वह वापस नहीं लौटा। उससे किसी तरह का संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चलने पर 28 सितंबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज करवाई। पुलिस युवक की तलाश कर ही रही थी कि बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने नाले में शव मिलने की सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी बनी भेज दिया। दोपहर में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।