सैन्य शिविर रामपुर में सेना की ओर से लोगों की सुविधा के लिए वेटिंग हॉल का निर्माण किया गया है। वेटिंग हॉल में पूर्व सैनिकों, सेना के कर्मचारियों के परिवारों व अन्य लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था पीने के पानी के साथ की गई है। ताकि कैंप में आने वाले लोगों को खुले में इंतजार न करना पड़े। ऑपरेशन सद्भावना के तहत सेना की ओर से लगभग 10 लाख रुपये की लागत बने वेटिंग हॉल को जनता को समर्पित किया गया।
वीरवार को विधायक सतीश शर्मा ने वेटिंग हॉल का उद्घाटन किया। विधायक ने आतंकवाद से लड़ने और जरूरत के समय नागरिकों व प्रशासन की मदद के लिए आगे आने के लिए भारतीय सेना की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश का सबसे भरोसेमंद और प्रेरक संगठन है। विधायक ने हर सैनिक के देश की रक्षा में दिए जा रहे योगदान की प्रशंसा की और राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को याद किया। इस मौके पर जिला विकास परिषद के सदस्य विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।