कठुआ। शहर के जराई चौक में दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम देने के वाले कथित आरोपी को लोगों ने दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया है। शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस की असफलता से आम लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
पीड़ित दुकानदार रवि कुमार ने बताया कि बीती रात उनकी दुकान के साथ कुछ अन्य दुकान पर चोरी की घटना हुई। सीसीटीवी की फुटेज देखने के बाद इन चोरियों को अंजाम देने वाले की पहचान होने के बाद आरोपी को उन्होंने उसके वार्ड 9 स्थित घर से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। रविवार की सुबह जब इस घटना की शिकायत करने के लिए सभी प्रभावित दुकानदार सिटी थाना में पहुंचे तो उनकी शिकायत दर्ज करने के स्थान पर पहले उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया गया कि अभी मुंशी उपलब्ध नहीं है। दस बजे के बाद जब वह इसकी लिखित शिकायत लेकर दोबारा गए तो उनकी शिकायत को यह कहकर लेने से मनाकर दिया गया कि सभी प्रभावित दुकानदार अलग-अलग अपनी शिकायत लिखकर लाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की इस तरह की कार्यप्रणाली से दुकानदारों में रोष है। एक तो पहले पुलिस चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वालों को गिरफ्तार नही कर पाती है। अगर लोग ऐसी घटना को अंजाम देने वालों को उनके हवाले कर रहे है तो उन्हें परेशान किया जा रहा है। सभी प्रभावित दुकानदारों ने पकड़े गए चोर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।