लखनपुर। कठुआ पुलिस ने लखनपुर थाने में थाना दिवस मनाकर लोगों की समस्याओं को सुना। थाना दिवस में लोगों ने अपनी समस्याओं को पुलिस के समक्ष रखा। इसमें हटली के पूर्व सरपंच भोपिंद्र कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही नशाखोरी पर लगाम लगाई जाए।
उन्होंने कहा कि नशा तस्कर अब ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को निशाना बनाकर वहां का माहौल खराब कर रहे हैं। वहीं लोगों ने अतिरिक्त एसपी परमजीत सिंह के समक्ष शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों पर नकेल कसने और चोरों को सलाखों के पीछे देने की मांग करते हुए अपनी चिंता व्यक्त की। यूथ फेडरेशन लखनपुर के अध्यक्ष सन्नी शर्मा ने कहा कि कठुआ पुलिस नशे के खिलाफ जिस युद्ध को छेड़े हुए हैं, उसमें युवाओं को और ज्यादा शामिल करना चाहिए। युवा केंद्रित कार्यक्रमों की शुरुआत करनी चाहिए ताकि अधिक से अधिक युवा पुलिस का सहयोग करें और समाज को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान दें। नपा के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र शर्मा ने कहा कि कठुआ पुलिस आतंकवाद और नशाखोरी के खिलाफ जिस तरह से काम कर रही है, वह सराहनीय है और सभी लोगों को पुलिस का साथ भी देना चाहिए ताकि समाज को सुरक्षित बनाकर विकास की तरफ अग्रसर किया जा सके। वहीं अलग अलग क्षेत्र से आए लोगों ने पशु तस्करी पर लगाम लगाने की मांग करते हुए पुलिस को की गश्त बढ़ाने की मांग की। लोगों की समस्याओं को सुनते हुए एएसपी परमजीत सिंह ने कहा कि कठुआ पुलिस अपना हर दायित्व निभा रही है और सभी दुकानदारों व लोगों से अपील करती है कि वे अपने घर और दुकान के बाहर भी सीसीटीवी कैमरे लगवाएं ताकि किसी भी प्रकार की घटना को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि लखनपुर प्रवेशद्वार है और ऐसे में पड़ोसी राज्य से कई लोग रोजाना कठुआ और जम्मू आते हैं। इस मौके पर डीएसपी आर्म्ड रिजर्व सुभाष चंद्र और लखनपुर थाना प्रभारी सुनील शर्मा व अन्य मौजूद रहे।