कठुआ के बिलावर क्षेत्र के नजोत इलाके में संदिग्ध आतंकी गतिविधियों और फायरिंग के बाद सुरक्षाबलों ने बड़े पैमाने पर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया है।
बिलावर के नजोत इलाके में मंगलवार को संदिग्ध हलचल और कई राउंड फायरिंग के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर ली है। नजोत इलाका धनु परोल कमाड के जंगल के करीब ही है जहां 7 जनवरी को सुरक्षाबलों कीे घेराबंदी के दौरान आतंकी भाग निकले थे। वहीं श्रीनगर में भी संदिग्ध देखे जाने के बाद तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
विज्ञापन
मंगलवार को नजोत इलाके में सुरक्षाबलों की ओर से चलाए गए सघन तलाशी अभियान के बाद इलाके में गोलियों के चलने की आवाजें सुनी गईं। सूत्रों ने बताया कि संदिग्ध हलचल देखे जाने के बाद पुलिस दल ने ही कुछ राउंड फायर किए थे। इसके बाद पुलिस, एसओजी, सेना और पैरा कमांडो आतंकियों की तलाश में जुट गए।
नजोत के जंगल में सुरक्षाबल चप्पा-चप्पा खंगाल रहे हैंै। कमाड में जहां सात जनवरी को आतंकियों के खिलाफ अभियान शुरू किया गया था उससे नजोत ज्यादा दूर नहीं है। ऐसे में आतंकियों के इसी इलाके में छिपे होने की आशंका है। सुरक्षाबलों को मिले इनपुट के बाद इस जंगल में जगह-जगह लगातार तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। उधमपुर, बिलावर, बनी और लोहाई मल्हार के जंगलों में आतंकियों की माैजूदगी पिछले तीन साल से रही है।