रामकोट। तहसील के मकवाल में स्थित वार्ड सात सौगनिया मोहल्ला मोड़ से चिराकाबन इलाके तक सड़क नहीं बन सकी है। इस कारण स्थानीय करीब 10,000 से अधिक आबादी आवागमन में परेशानियों का सामना करने के लिए मजबूर है।
करीब दो किमी लंबे मार्ग पर बीच में प्रिय नाला बहता है। कुछ महीने पहले लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की ओर से इलाके को सड़क से जोड़ने के लिए इस नाले पर पुल का निर्माण किया गया है। इसके बावजूद विभाग ने पुल से आगे के निर्माण कार्य को बंद कर दिया है।
धन्नी, गुरगाड़ा, पल्लंग, चिरकाबन आदि गांव इसी सड़क से जुड़े हैं। यह इलाके धार मुख्य सड़क रामकोट से करीब एक, दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं, जहां से लोगों को रामकोट तक पहुंचने के लिए कच्चे रास्ते पर आवागमन से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इलाके से विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में रामकोट में मुख्य सड़क तक पहुंचने में पैदल आवागमन करते हैं।
सड़क के अभाव में इलाके तक वाहनों का आवागमन भी संभव नहीं है, जिस कारण लोग कई प्रकार की परेशानियों का सामना कर रहे हैं। स्थानीय निवासी महेंद्र कुमार, रामसरन, सोम राज, गिरधारी लाल, ज्ञानचंद आदि ने लोनिवि के अभियंताओं से इस सड़क के अवशेष हिस्से पर जल्द तारकोल बिछाने की मांग की है।