कठुआ। बुधवार को जिले में कोरोना संक्रमण के दस नए मामले मिलने के बाद आंकड़ा एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। संक्रमित पाए गए लोगों में से आठ का यात्रा इतिहास है जबकि दो सामुदायिक संक्रमण के मामले हैं। जिला प्रशासन ने लोगों को कोराना नियमों का पालन करने के लिए आगाह किया है।
बुधवार को आई स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण के दस नए मामले सामने आने के बाद सक्रिय संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर तीस हो गया है। पूर्व में संक्रमित पाए गए दो लोगों को निगेटिव घोषित किया गया है। संक्रमण के तेजी से हो रहे प्रसार को देखते जिला प्रशासन ने भी अधिकारियों को सख्ती के निर्देश दे दिए हैं।
उधर, जिले में जारी किशोरों के टीकाकरण अभियान के तीसरे दिन 3001 विद्यार्थियों को कोरोना से बचाव की डोज लगाई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान तेजी से जारी है और विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में सामने आकर कोरोना टीकाकरण समय पर करवाना चाहिए।