ऊपरी पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद धूप के निकलने का कोई असर नहीं दिख रहा है। दिनभर मैदानों पर धूप खिलने के कारण हल्की राहत है लेकिन सुबह और शाम सर्द हवाओं से कंपकपी छूट रही है।
दिन के तापमान में जहां सामान्यता आई है वहीं रात के तापमान में निरंतर गिरावट दर्ज की जा रही है। कठुआ में रविवार को सूर्य देव ने कृपा तो बरसाई लेकिन सर्द हवाओं के कारण उसका कोई लाभ नहीं हो सका।
रविवार होने के बाद भी लोग घरों में ही दुबके रहे और अपने को सर्दी से बचाने का प्रयास करते रहे। सुबह और शाम सर्द हवाओं के चलते लोगों की कंपकपी छूट रही है।
महानपुर में भी लोगों का बाहर आना कम हो गया है। बाजार में रौनक कम हो गई है और लोग घरों में ही रहना ठीक समझ रहे हैं।
ऊपरी पहाड़ी इलाकों में पूर्व में हुई बर्फबारी के कारण मैदानों में सुबह और शाम ओस जमने लगी है और पारा निरंतर गिर रहा है। वहीं निचले पहाड़ी क्षेत्रों में कोहरे के कारण लोगों को दिन में भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम का ऐसा ही रुख रहेगा।