- वन्य जीव विभाग की टीम ने तेंदुए से बचाव के ग्रामीणों को बताए उपाय, कहा- टोली बनाकर ही जंगल में जाएं, अकेले नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। वन्य जीव विभाग की टीम वाइल्ड लाइफ वार्डन जूहेब चौधरी के निर्देश पर नगर कमेटी के वार्ड दो और किशनपुर गांव में पहुंची। टीम ने पशुपालकों को तेंदुए से बचाव को लेकर जागरूक किया। चार दिन पहले तेंदुए ने एक पशुपालक के कुत्ते को अपना शिकार बनाया था, जिसके बाद से ग्रामीण दहशत में हैं।
पशुपालकों ने वन्य जीव विभाग को घटना से अवगत करवाया था। मंगलवार को फॉरेस्ट गार्ड सुरजीत सिंह के नेतृत्व मे पहुंची वन्य जीव विभाग की टीम ने पशुपालकों को तेंदुए से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि जंगल में जाते समय हाथ में लाठी जरूर रखें और जंगल में अकेले न जाएं। अगर जाने की जरूरत पड़े तो हमेशा टोली बनाकर एक साथ जाएं। अगर दूर से तेंदुआ दिखाई दे तो उसके साथ नजर ना मिलाएं और दूरी बनाकर निकल जाए।
उन्होंने कहा कि पशुओं को घास चराने के लिए तीन या चार लोग एक साथ जाएं। पशुओं के गले में घंटी बांध कर रखें ताकि तेंदुए के हमले होने पर शोर से सब सतर्क हो सकें। टीम ने पशुपालकों को निशुल्क पटाखे भी वितरित किए। टीम में मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि अपने घर के नजदीक हमेशा रोशनी का इंतजाम रखें और घरों के आसपास झाड़ियां ना उगने दें। इस दौरान रोशन लाल, जोगेंद्र कुमार, नरेश कुमार, रतन चंद, अशोक कुमार और अन्य पशुपालक मौजूद रहे