कठुआ के वाउर् 1 में बुखार से पीड़ित महिला के खून का नमूना लेते स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी।
- स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डेंगू से बचाव के लिए जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किए जाने का क्रम जारी है। शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित टीम ने शहर के वार्ड नंबर एक में जागरूकता कार्यक्रम चलाया।
घर-घर चलाए जाने वाले इस कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को बचाव की जानकारी दी। वहीं, इस दौरान बुखार से पीड़ित पाए गए मरीजों के खून के नमूने भी लिए गए। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने लोगों के घरों में पानी की निकासी एवं पेयजल भंडारण की परिस्थितियों की जांच की। इस दौरान विभाग के कर्मचारियों ने लोगों को अपने घरों के आसपास सफाई रखने व पेयजल को कभी भी खुल न रखने की नसीहत दी। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने लोगों को किसी भी तरह के बुखार जो तीन दिन से ज्यादा रहे, इसकी जांच कराए जाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। ताकि अगर किसी व्यक्ति में डेंगू का लक्षण पाया जाए तो उसे तुरंत उपचार दिया जा सके।
जागरूकता कार्यक्रम के बारे में जिला मलेरिया विभाग के इंस्पेक्टर लोकेश राज ने बताया कि गत 17 दिसंबर के बाद से जिले में डेंगू का कोई नया मरीज सामने नहीं आया है। लेकिन इसके बावजूद लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वार्ड एक में इस वर्ष काफी ज्यादा मामले आए थे। लिहाजा यहां विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है। शुक्रवार को विभाग की टीम ने करीब 35 घरों में जाकर लोगों को बचाव से जुड़ी जानकारी दी है। एक महिला बुखार से पीड़ित पाई गई थी जिसकी जांच करवाने के लिए खून का नमूना लिया गया है।