बनी। क्षेत्र के सुंदरूण डंडियोट क्षेत्र में स्कूलों में शिक्षकों की कमी पर स्थानीय लोगों ने गहरी चिंता जताई है। इस समस्या से चिंतित स्थानीय लोगों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को एसडीएम बनी संदीप कुमार से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इलाके के स्कूलों में शिक्षकों के कई पद खाली हैं। इस कारण बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि स्टाफ की कमी के कारण बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की जाए ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल सरपंच उत्तम चंद ने बताया कि स्कूल में 75 से अधिक छात्र हैं, लेकिन पढ़ाने के लिए मात्र तीन शिक्षक ही तैनात हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल की इमारत भी जर्जर हालत में है। इसलिए उन्होंने स्कूल भवन की मरम्मत और स्टाफ की तत्काल पूर्ति की मांग की।
इस अवसर पर जोगिंदर सिंह, रमेश कुमार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। एसडीएम बनी ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इस मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और जल्द ही इसका समाधान निकाला जाएगा।