जम्मू-कश्मीर रहबर-ए-तालीम टीचर्स फोरम की जिला इकाई ने रविवार को सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
शहीद भक्त सिंह पार्क में एकत्रित होकर शिक्षकों ने सरकार पर शिक्षकों को काम छोड़ने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने समय पर उनका बकाया वेतन जारी नहीं किया, तो व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए इकाई की जिला प्रधान मीना शर्मा ने कहा सरकार ने पिछले आठ महीनों से शिक्षकों का वेतन जारी नहीं किया है। जिसके कारण शिक्षकों के पास स्कूल तक आने के लिए किराया देने के पैसे नहीं हैं।
एक तो सरकार वेतन जारी नहीं कर रही है, उस पर उन्हें बेहतर शिक्षा देने के लिए जोर देती है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं शिक्षकों को काम छोड़ने के लिए मजबूर कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार को इस बात का पता होना चाहिए हर पढ़े लिखे व्यक्ति को रोजगार पाने का हक है। यदि शिक्षकों को उनका वेतन नहीं मिलेगा तो इससे न तो नौकरी छोड़ेंगे और न ही संघर्ष बंद करेंगे।
इस मौके पर अरविंद शर्मा ने कहा कि बार-बार कहने के बाद भी सरकार ने शिक्षकों की मांगों को अनदेखा किया है। यदि जल्द वेतन नहीं जारी होता है, तो शिक्षक सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
जरूरत पड़ने पर अपने समर्थन में समाज के अन्य वर्गों को भी सरकार के खिलाफ खड़ा करेंगे। इस मौके पर मंगल सिंह, पवन कुमार, अजीत सिंह, राम प्रसाद आदि मौजूद रहे।