संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला पंचायत कार्यालय की ओर से ऐरवां मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान के साथ राजकीय हाई स्कूल ऐरवां में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने भाषणों और ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ विषय पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से व्यक्तिगत स्वच्छता, कचरे के उचित निपटान और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त महिमा मदान ने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध सार्वजनिक स्वास्थ्य और बेहतर जीवन स्तर से है। उन्होंने विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों से स्वच्छता को केवल किसी अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने का आह्वान किया। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से मौके पर कचरे के निस्तारण के उपाय बताए गए । अधिकारियों ने अलग-अलग प्रकार के कचरे के लिए चार प्रकार के डस्टबिन के इस्तेमाल की जानकारी दी और स्रोत पर ही कचरे को अलग करने के महत्व को समझाया। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक और स्वच्छता विषय पर भाषण देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।