रामकोट के उचापिंड में वार्षिक दंगल का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोट। उचापिंड में वार्षिक दंगल का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय पहलवानों के साथ कठुआ, उधमपुर, जम्मू, डोडा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के 80 पहलवानों ने भाग लिया। कठुआ के सुनील पहलवान ने बड़ी माली जीतकर दंगल अपने नाम कर लिया।
दंगल में मुख्य अतिथि जिला विकास परिषद सदस्य नगरोटा गुजरू नारायण दत्त त्रिपाठी मौजूद रहे। उन्होंने दंगल कमेटी के साथ मिलकर शाम 4 बजे पहली कुश्ती लगवाकर दंगल की शुरुआत की। दंगल में 45 कुश्तियां करवाईं गईं। परिसर में लगभग 2000 से अधिक दर्शक दंगल देखने पहुंचे थे। दंगल में बड़ी माली का मुकाबला मालेरकोटला के रजत और कठुआ के सुनील पहलवान के बीच हुआ। दोनों की कुश्ती 25 मिनट तक चली। अंत में सुनील पहलवान ने रजत पहलवान को हराकर दंगल पर कब्जा कर लिया। दंगल कमेटी ने सभी पहलवानों को नकद राशि देकर सम्मानित किया।