कठुआ रनर्स ने फूल-मालाओं से किया स्वागत, 67वें दिन कारगिल विजय स्मारक पहुंचकर रचेंगी नया इतिहास
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राजस्थान के अजमेर की अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा मैराथन धाविका सूफिया सूफी अपने छठे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर तेजी से बढ़ रही हैं। देश के दक्षिणी छोर कन्याकुमारी से कारगिल विजय स्मारक तक की चुनौतीपूर्ण दौड़ के तहत वह 64 दिनों की लगातार रनिंग चैलेंज को पूरी कर बुधवार को जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर पहुंचीं, जहां कठुआ रनर्स और खेल प्रेमियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
फूल-मालाएं पहनाकर और जोरदार तालियों के बीच उनका अभिनंदन किया। इस दौरान धावकों और स्थानीय लोगों ने उनके अदम्य साहस, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना की सराहना की। सूफिया सूफी ने बताया कि उन्होंने कन्याकुमारी से कारगिल विजय स्मारक तक की यह ऐतिहासिक रनिंग चैलेंज देश के वीर बलिदानियों को समर्पित की है। उनका लक्ष्य 67 दिनों में कारगिल विजय स्मारक पहुंचकर एक और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करना है। फिलहाल वह अपने लक्ष्य से महज कुछ सौ किलोमीटर दूर हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी पांच गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी हैं और वह हर वर्ष देश की सेना के नाम पर दौड़ लगाती हैं। इससे पहले सेना के नाम सियाचिन से कारगिल और गलवान से करगिल अपनी दो दौड़ देश की आर्मी के नाम कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह सफर केवल एक खेल चुनौती नहीं, बल्कि देशवासियों में फिटनेस, महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रीय एकता और दृढ़ संकल्प का संदेश देने का अभियान भी है। रास्ते में देशभर के लोगों से मिल रहा प्रेम और समर्थन उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रहा है।
कठुआ रनर्स की टीम में शामिल सजाद हैदर, विरेंद्र, राकेश, नीरज और अमन ने स्वागत के बाद सूफिया सूफी के साथ दौड़ लगाकर उनका हौसला बढ़ाया। बता दें कि सूफिया सूफी अपने पति विकास और मीडिया टीम और वाहन के चालक के साथ इस दौड़ को पूरा करेंगी। वह हर दिन 70 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करती हैं। लखनपुर से स्वागत के बाद सूफिया सूफी अपने अगले पड़ाव की ओर रवाना हो गईं। यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो वह 67वें दिन कारगिल विजय स्मारक पहुंचकर अपना छठा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड पूरा करेंगी, जिसका बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।