हीरानगर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय हीरानगर में भारतीय भाषा उत्सव का आयोजन किया गया। चार दिसंबर से आयोजित इस उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय भाषाओं के प्रति जागरूकता, सम्मान और गर्व की भावना का विकास करना था।
आयोजन के दौरान अनेक शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें भाषण प्रतियोगिता, वाद-विवाद, कविता पाठ, निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण, लोकगीत प्रस्तुति तथा विभिन्न भारतीय भाषाओं में संवाद प्रतियोगिता विशेष रूप से उल्लेखनीय रहीं। विद्यार्थियों ने हिंदी, संस्कृत, डोगरी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, मराठी और पंजाबी जैसी भाषाओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया।
समापन समारोह में विद्यालय की प्राचार्या नरिन्दर चुंबर ने प्रतिभागियों और आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि भारत की भाषाई विविधता उसकी सांस्कृतिक एकता का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को मातृभाषा के सम्मान के साथ-साथ अन्य भारतीय भाषाओं के अध्ययन के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन में शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी रही।