संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। डिग्री कॉलेज मढ़ीन के छठे और चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों को स्टील निर्माण प्रक्रिया से अवगत कराने के उद्देश्य से बाड़ी ब्राह्मणा स्थित एक औद्योगिक परिसर का भ्रमण करवाया गया। इस दौरान छात्रों ने स्टील निर्माण प्रक्रिया का गहनता से ज्ञान प्राप्त किया।
प्रिंसिपल डॉ अनुपमा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर छात्रों को रवाना किया। भ्रमण के दौरान छात्रों ने स्टील उत्पादन और निर्माण से जुड़ी प्रक्रियाओं का अवलोकन किया। इसमें स्टील कटिंग,उच्च तापमान पर जॉइनिंग तथा कंप्यूटर एडेड डिजाइन के माध्यम से स्टील को आकार देने की तकनीक को करीब से समझा। इसके अलावा छात्रों को पाउडर कोटिंग प्रक्रिया से भी परिचित कराया गया जिसमें स्टील की सतहों पर विशेष कोचिंग की जाती है और फिर इसे उच्च तापमान पर गर्म किया जाता है, ताकि उत्पाद की मजबूती और सुंदरता बनी रहे। इस दौरान डॉ. बलविंदर सिंह, डॉ. संदीप चौधरी, प्रोफेसर मनु सैनी, डॉ. मुनीषा देवी व प्रोफेसर अनूप शर्मा भी छात्रों के साथ रहे।