कठुआ। स्नातक भाग एक के पहले सेमेस्टर में दाखिला नहीं मिलने के विरोध में रविवार को विद्यार्थियों का गुस्सा महानपुर डिग्री कालेज प्रशासन के खिलाफ फूट पड़ा। विद्यार्थियों ने कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि प्रशासन ने उन्हें गुमराह किया है और अब दाखिला अगले साल लेने के लिए कहा जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों में शामिल महेश ठाकुर, वरिंद्र ठाकुर, मक्खन वर्मा, पंकज ठाकुर, गुलशन ने कहा कि 12वीं कक्षा के परिणाम की घोषणा के बाद उन्हें मार्क शीट अगस्त महीने की चार तारीख को मिली, लेकिन कालेज में दाखिले के लिए घोषणा पहले ही हो चुकी थी। इस बारे में उन्होंने कालेज प्रशासन के साथ बात भी की थी।
तब कालेज प्रशासन की ओर से इस संबंध में दाखिला देने के लिए आश्वस्त किया गया था, लेकिन जब उन्हें मार्क शीट मिली, तब उन्होंने उसे मार्क शीट के साथ तहसीलदार से सत्यापन करवाए एफिडेविट भी कालेज प्रशासन को दिए, लेकिन कालेज प्रशासन ने उन्हें दाखिला देने के लिए मना कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से कहा गया कि अगर-अलग से कोई अधिसूचना जारी होती है तो ही उन्हें दाखिला दिया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें गुमराह किया गया और अब दाखिला देने से मना किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से वह बार-बार प्रशासन से दाखिले के लिए गुहार लगा रहे हैं, लेकिन कालेज प्रशासन ने उन्हें आश्वासन के अनुसार दाखिला नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उनका एक साल बर्बाद हो जाएगा, ऐसे में उन्हें दाखिला दिया जाए। अगर उनकी मांग पूरी नहीं होता है तो उग्र रुख अपनाने के लिए मजबूर होंगे।