कठुआ। नगरी के पंडोरी इलाके के लोगों का गुस्सा वीरवार को फूट पड़ा। उज्ज दरिया में बेतहाशा हो रहे अवैध खनन से उज्ज पुल को खतरा बताने के साथ ही ग्रामीणों ने स्टोन क्रशरों की ओर से नियमों को ताक पर रखने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि इन इलाकों से अवैध रूप से प्रदेश की संपदा को पंजाब से लेकर हरियाणा और राजस्थान तक तस्कर ले जा रहे हैं। स्टोन क्रशर नियमों के अनुसार नहीं चल रहे हैं। जिला प्रशासन, तहसील प्रशासन तक को शिकायत की गई लेकिन इसके बावजूद नए स्टोन क्रशरों को इलाके में अनुमति दी जा रही है।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे पंडोरी निवासी देवराज ने बताया कि इलाके में अंधाधुंध खनन हो रहा है और प्रशासन आंखें मूंदे हुए है। उन्होंने कहा कि नए स्टोन क्रशरों को खुलने की अनुमति दी जा रही है, जबकि पहले वाले नियमों को ताक पर रखकर चल रहे हैं। किसानों के तटबंध पर स्टोन क्रशरों ने कब्जा कर दिया है। 40 फुट सड़क एक भी स्टोन क्रशर के पास नहीं, फिर भी धड़ल्ले से खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल से लेकर मुख्य सचिव तक शिकायत पहुंचाई गई है। इसकी जांच होनी चाहिए। ग्रामीणों ने बताया कि यही हाल रहा तो कुछ देर में पुल गिरने की कगार पर आ जाएगा। इसकी नींव खाली होती जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अवैध खनन पर कार्रवाई की बात कही थी। कार्रवाई कीड़ियां गंडियाल में हुई है तो पंडोरी में भी होनी चाहिए। बताया कि इस समस्या से 30 गांव के लोग प्रभावित हैं।