सड़कों की गुणवत्ता की जांच करती टीम। संवाद
- जांच के लिए पहुंची स्टेट रोड ऑब्जर्विंग कमेटी, दो दिन आधा दर्जन से ज्यादा सड़कों की जांच कर तैयार करेगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। बनी सब डिवीजन में हाल के वर्षों में तैयार आधा दर्जन के लगभग सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच जांच टीम इलाके में पहुंची। स्टेट रोड ऑब्जर्विंग कमेटी के सदस्यों ने दौल्का में सड़क निर्माण की जांच की।
इससे पहले टीम ने दो किलोमीटर हिस्से में सड़क पर दोबारा तारकोल बिछाए जाने की अनुशंसा की है। दरअसल पिछले एक दशक में बनी के दूरदराज इलाकों में सड़कों के नेटवर्क को बड़ा विस्तार दिया गया है। लेकिन इसमें गुणवत्ता को लेकर कई बार शिकायतें सामने आती रही हैं। करोड़ों की लागत से बनी इन सड़कों की कुछ ही वर्षों में हालात बिगड़ने के बाद स्थानीय विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह ने सरकार से जांच करवाए जाने को लेकर शिकायत की थी।
इसके बाद बनी के दूरदराज बनी सब डिवीजन में पहुंची जांच कमेटी के सदस्यों ने सबसे पहले दौल्का सड़क का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने जांच के पैमाने पर सड़क के पहले दो किलोमीटर हिस्से को सही नहीं पाया। सड़क से उखड़ रहे तारकोल को लेकर उन्होंने कहा कि इसकी भी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। टीम दो दिन बनी में रौल्का डंडी गुट्टू, बलजेडी और ढग्गर सड़क का भी निरीक्षण करेगी।
विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि बनी में समय-समय पर सड़कों की शिकायतें आ रही थी। कई सड़कों की जांच की गई थी। इसमें गुणवत्ता को लेकर शिकायत सरकार को की गई थी। जिसके बाद स्टेट रोड ऑब्जर्विंग कमेटी के सदस्य बनी आए हैं। अन्य सड़कों की भी जांच की जाएगी। यह एक संदेश है कि गुणवत्ता पहले अगर नहीं जांची गई तो अब नहीं जांची जाएगी, ऐसा नहीं चलेगा। सरकारी या निजी ठेकेदार को गुणवत्ता सुनिश्चित करनी होगी। जो राशि इसपर खर्च हो रही है वो लोगों की है और लोगों के हित के काम अच्छे तरीके से होने चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूल, अस्पतालों और मनरेगा के कार्यों की जांच नियमित की जाएगी।