कठुआ। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी 12वीं पुलिस मॉटियर्स मेमोरियल नॉर्थ जोन टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप 2023-24 में लीग मुकाबलों का दौर थम गया है। प्रतियोगिता के 13वें दिन आखिरी लीग मुकाबला यूनिक सीए दिल्ली बनाम भवानी सीसी दिल्ली के बीच खेला गया। ग्रुप डी के तहत होने वाले इस आखिरी मुकाबले में यूनिक सीए दिल्ली की टीम ने यह मैच पांच विकेट से जीतकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली है।
रविवार को हुए आखिरी लीग मुकाबले में यूनिक सीए दिल्ली की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भवानी सीसी दिल्ली की टीम ने 19 ओवर में अपने सभी विकेट खोकर 103 रन बनाए। इस पारी में टीम के मुख्य स्कोरर कुणाल रहे, जिन्होंने 22 गेंदों में दो चौके और चार छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। शिवम ने 27 गेंदों में छो चौकों और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाए। 104 रनों का लक्ष्य हासिल करने उतरी यूनिक सीए दिल्ली की टीम ने शुरू से आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 12 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 106 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम के सबसे प्रमुख गेंदबाज स्पर्श बेनीवाल रहे, जिन्होंने 2.1 ओवर में एक मेडन ओवर के साथ चार रन देकर तीन विकेट हासिल किए। इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।