कठुआ। अंडर-14 आयु वर्ग के अंतर जिला डिवीजन स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज हो गया है। बुधवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम और राजकीय डिग्री कॉलेज के मैदान में चार मुकाबले हुए। इसमें सांबा, पुंछ, राजोरी और किश्तवाड़ ने अपने अपने मुकाबलों में जीत हासिल की है।
राजकीय डिग्री कॉलेज के मैदान में पहला मैच उधमपुर-सांबा के बीच खेला गया। सांबा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 20 ओवर में 142 रन बनाए और उधमपुर के सामने 143 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए उधमपुर 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 137 रन ही बना सका। इसी प्रकार सांबा ने छह रन से मैच जीत लिया। इस मैच में सांबा के स्पर्श ने 15 गेंदों में एक चौका और दो छक्के लगाकर 26 रन बनाए। साथ ही अभिमन्यु ने तीन ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट लिए। वहीं, दूसरा मैच रामबन और पुंछ के बीच खेला गया। इसमें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रामबन की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाए। निर्धारित ओवर की आखिर गेंद तक चले इस रोमांचक मुकाबले में पुंछ की टीम ने आखिरी गेंद पर विजयी दो रन लेकर जीत अपने नाम कर ली। इस मैच में पुंछ के शाहिद ने 42 बाल का सामना करते हुए नीन चौके लगाकर 35 रन बनाए।
उधर, जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहला मैच रियासी-राजोरी के बीच खेला गया। इसमें रियासी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 19.2 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 72 रन बनाए। राजोरी ने 11 ओवर में 73 रन का लक्ष्य हासिल कर आठ विकेट से मैच जीत लिया। दूसरा मैच कठुआ और किश्तवाड़ के बीच खेला गया। इसमें कठुआ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इस दौरान टीम के बल्लेबाजों ने निर्धारित 20 ओवरों में 83 रन बनाए। जवाब में किश्तवाड़ की टीम ने 14 ओवरों एक विकेट खोकर 84 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।