कठुआ। जिले में बुधवार को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से 13 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल कर अपने प्रतिद्वंदियों को चुनौती दी है। जिले में अब तक हुए नामांकनों का आंकड़ा 30 पहुंच गया है। वीरवार को नामांकन का आखिरी दिन है।
बुधवार को बनी विधानसभा हलके से डीपीएपी के प्रत्याशी गौरी शंकर संजान और निर्दलीय प्रवीण कुमार ने नामांकन भरा। बिलावर विधानसभा क्षेत्र से राम पाल शर्मा ने भाजपा से, जबकि बहुजन समाज पार्टी से संजय कुमार ने नामांकन दाखिल किया। बसोहली विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के पंकज कुमार और इंडियन नेशनल कांग्रेस के चौधरी लाल सिंह के साथ दिव्य सूरज प्रताप ने नामांकन दाखिल किया।
उधर, जसरोटा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजीव जसरोटिया, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) से जसविंद्र सिंह और बहुजन समाज पार्टी से रमन कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया। कठुआ अनुसूचित विधानसभा क्षेत्र से नेशनल कांफ्रेंस के सुभाष चंद्र और निर्दलीय खुशबू भगत ने नामांकन दाखिल किया है। हीरानगर विधानसभा क्षेत्र से आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गौरव कुमार ने बुधवार को अपना नामांकन सौंपा। चुनाव विभाग ने साफ किया है वीरवार को नामांकन का आखिरी दिन है और सुबह 11 बजे से तीन बजे तक ही प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 13 सितंबर को नामांकनों की जांच संबंधित रिटर्निंग अधिकारी कार्यालयाें में की जाएगी। नामांकन भरने वाले प्रत्याशी 17 सितंबर तक अपना नामांकन दोपहर तीन बजे तक वापस ले सकेंगे।