कठुआ। बीते सात जून से जंगलोट गांव के रुद्र खेल मैदान में जारी जंगलोट प्रीमियर लीग अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। शुक्रवार की रात प्रतियोगिता के दो सेमीफाइनल मुकाबले करवाए गए। पहला सेमीफाइनल मैच रंजीत इलेवन ने और दूसरा नगरी इलेवन ने जीत कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
पहले सेमीफाइनल में रोहित इलेवन और रंजीत इलेवन की टीमों के बीच मैच हुआ। रंजीत इलेवन में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम के बल्लेबाजों ने निर्धारित 10 ओवरों में 197 रनों का पहाड़ खड़ा कर डाला, जो पूरे टूर्नामेंट के दौरान अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा है। इसमें टीम के सबसे सफल बल्लेबाज सनम सिंह रहे, जिन्होंने 40 गेंदों का सामना करते हुए ताबड़तोड़ 97 रन बनाए। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी रोहित इलेवन की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई और 108 रनों पर ढेर हो गई।
दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला नगरी इलेवन और शुभम इलेवन के बीच हुआ। इसमें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नगरी इलेवन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और 139 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शुभम इलेवन की टीम के बल्लेबाज नगरी इलेवन की कसी हुई गेंदबाजी के सामने खुलकर नहीं खेल पाए और निर्धारित 10 ओवरों में 119 रन ही बना सके, जिससे उन्हें 20 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
प्रतियोगिता के आयोजक विश्वजीत सिंह जसरोटिया ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल 30 जून को खेला जाएगा। इसमें रंजीत इलेवन और नगरी इलेवन के बीच खिताबी मुकाबला होगा।