कठुआ में धीमी गति से हो रहे जम्मू-पठानकोट हाईवे विस्तारीकरण के कारण लगे जाम में फंसे वाहन।
कठुआ। धीमी गति से हो रहे जम्मू-पठानकोट हाईवे विस्तारीकरण और निर्माण कार्य के कारण बरनोटी और उसके आसपास रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। इस कारण यात्रियों और राहगीरों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए देरी हो रही है।
तीन किलोमीटर के भीतर ही उज्ज दरिया पर हो रहे पुल निर्माण समेत बरनोटी में बन रहा फ्लाईओवर और सड़क विस्तारीकरण के कारण दोनों तरफ का यातायात प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि दो साल बीत जाने के बाद भी उज्ज पुल और बरनोटी स्थित फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। दूसरा मुख्य कारण है कि बरनोटी में एक ही निर्माण कंपनी का कार्यालय है। इस कारण कार्यालय के बाहर दर्जनों डंपर और अन्य मशीनरी भी सर्विस लेन पर खड़े रहते हैं। इस कारण भी वहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।
इसी क्षेत्र में एक किलोमीटर के दायरे के भीतर ही तीन से चार पेट्रोल पंप स्थित हैं, जहां अक्सर तेल भरवाने के लिए बड़े वाहन सर्विस लेन पर आने के कारण भी जाम लग जाता है जबकि इस निर्माण के कारण बुद्धि और फ्लोट की तरफ जाने वाला रास्ता बंद कर दिया है। इस कारण दोनों तरफ जाने वाले वाहन भी सर्विस लेन पर आने से यातायात प्रभावित हो रहा है। दोपहर में बच्चों से भरी स्कूली बसें भी कई बार घंटों तक जाम में फंसी रहतीं हैं।
दुकानदार प्रदीप शर्मा का कहना है कि निर्माणकार्य के कारण वहां धूल, मिट्टी उड़ रही है। इस कारण दुकान पर खड़ा होना भी मुश्किल हो जाता है। औद्योगिक क्षेत्र वाली घाटी को जाने वाले वाहनों को राजबाग में डायवर्जन दिया गया है, लेकिन कई बार उल्टी दिशा से औद्योगिक क्षेत्र में जाने वाले वाहन भी जाम लगा देते हैं। इससे सबसे ज्यादा परेशानी यात्रियों को उठानी पड़ती है और वे देरी से गंतव्य तक पहुंच पाते हैं।
स्थानीय निवासी नरेश कुमार का कहना है कि तीन किलोमीटर के क्षेत्र में कई जगह डायवर्जन बनाए गए हैं और पूरी सड़क कई जगह से टूटी है। इस कारण इस इलाके में सड़क हादसों में भी बढ़ोतरी हो रही है। इससे परेशान स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था से निर्माणकार्य को जल्द पूरा कर यातायात को सुचारू बनाने की मांग की है ताकि स्थानीय लोग जाम से निजात पा सकें।