मौसम की करवट से पर्वतीय इलाके बर्फ से लकदक होने लगे हैं। वीरवार देर रात और शुक्रवार दिन को जिले के पर्वतीय इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई। पर्वतीय चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढंक गई हैं। यदि मौसम लगातार ठंडा रहता है तो पर्वतीय चोटियों से सटे आबादी वाले इलाकों में भी बर्फबारी हो सकती है।
पहाड़ों पर बर्फबारी से मौसम बदल गया तो निचले मैदानी इलाकों में बारिश की फुहार ने ठंडक घोल दी। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। कुछ ही देर में बारिश की फुहार शुरू हो गई। साथ ही ठंडी हवाओं का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते ठंडक बढ़ती चली गई।
बारिश की फुहार को देखते हुए घरों से बाहर निकले लोगों को ऊनी कपड़े और जैकेट पहनकर जाना पड़ा। हालांकि दोपहर तक फिर से आसमान साफ हो गया। पर्वतीय इलाकों में शामिल सरथल, छत्तरगलां, वासुकी कुंड, नुकनाली माता, जोड़ेयां माता पर्वत पर अच्छी खासी बर्फबारी हो गई।
बनी सब डिविजन के उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई तो बनी कसबे सहित आसपास के इलाकों में बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। इस दौरान सब डिवीजन के अधिकांश इलाकों में शुक्रवार को बिजली गुल रही। मौसम की करवट से बनी भद्रवाह सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।