मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। मैदानी इलाकों में बारिश की बूंदाबांदी ने हवाओं को सर्द कर दिया तो पर्वतीय इलाकों में कंपकंपी छूटने लगी है। उच्च पर्वतीय इलाकों में तो बर्फबारी हुई है।
देर शाम तक अधिकांश पर्वतीय इलाके बारिश में भीग चुके थे। वीरवार सुबह से ही हवा में ठंडक बनी हुई थी। दोपहर तक आसमान में बादलों की मौजूदगी रही, लेकिन शाम ढलते ही अचानक घुमड़ आए काले बादल बरसने भी लगे।
माहौल तेज बारिश का संकेत दे रहा था, लेकिन शहर सहित आसपास के इलाकों में मौसम की करवट बारिश की बूंदाबांदी तक ही सीमित रही। बहरहाल ठंड के अहसास में बढ़ोत्तरी हो गई।
उधर जिले के पर्वतीय इलाकों में बारिश की फुहार ने मौसम को बेहद ठंडा कर दिया। महानपुर तहसील व सटे इलाकों में बारिश की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि दूरदराज बनी व उच्च पर्वतीय इलाकाें में तेज बारिश से ठंड का प्रकोप बढ़ गया। बनी सब डिवीजन में पहले से ही सर्द मौसम की दुश्वारियां परेशानी का सबब बनी हुई हैं।
ऐसे में बारिश की झड़ी से सर्दी बढ़ गई है। उल्लेखनीय है कि जिले के बनी सब डिवीजन के पर्वतीय चोटियों पर वर्तमान सीजन में ही चार बार बर्फबारी हो चुकी है। कुछ चोटियों पर तो अब भी बर्फ की चादर बिछी हुई है, जिससे आसपास के आबादी इलाकों में शीतलहर का असर है।