कठुआ। विभिन्न सरकारी कार्यालयों में वीरवार को डीसी डॉ. राघव लंगर के औचक निरीक्षण के दौरान हड़कंप मचा रहा। इस दौरान ड्यूटी से नदारद कर्मचारियों और अधिकारियों पर गाज गिरी है। सीएमओ ने भी औचक जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की। उन्होंने गैरहाजिर कर्मियों का वेतन रोकने के साथ ही कारण बताओ नोटिस भी जारी कर दिए हैं।
वीरवार को डीसी ने मछली पालन विभाग के कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभाग के सहायक निदेशक, हेड असिस्टेंट और चालक गैरहाजिर मिले, जिस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए डीसी ने वेतन रोकने के निर्देश जारी किए। जांच में पाया गया कि कार्यालय में बायोमीट्रिक मशीन भी काम नहीं कर रही थी।
इससे पहले बुधवार रात सीएमओ डॉ. अशोक चौधरी ने उपजिला अस्पताल हीरानगर और परोल के साथ-साथ अन्य स्वास्थ्य संस्थानों का दौरा किया। जांच में पाया गया कि बीएमओ हीरागनर डॉ. विजय बाली ड्यूटी से गैर हाजिर थे, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, महात्मा गांधी जच्चा-बच्चा अस्पताल में औचक जांच के दौरान अस्पताल में तैनात जूनियर फार्मासिस्ट जय रेखा भी गैरहाजिर मिली, जिसे निलंबित कर दिया है।