बग्गन लोअर पंचायत के वार्ड आठ मोहल्ला शगौत्रा में रखे खाली बर्तन।
बिलावर। बग्गन लोअर पंचायत के वार्ड आठ मोहल्ला शगौत्रा में भूजल विभाग की ओर से लगाया गया हैंडपंप पिछले दो महीनों से खराब पड़ा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड आठ के ज्यादातर लोग इसी हैंडपंप पर पेयजल के लिए निर्भर हैं, उन्हें पिछले दो महीनों से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने बताया कि गर्मियों के मौसम में पानी की मांग और अधिक बढ़ गई है। इसके बावजूद हैंडपंप खराब होने के कारण लोगों को गांव में करीब दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है।
बारिश होने के बाद प्राकृतिक जल स्रोतों का पानी दूषित हो जाता है, जिससे उनके बीमार होने का खतरा बना है। लोगों ने कहा कि भूजल विभाग को समस्या बताई गई लेकिन संबंधित विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया। लोगों में विभाग के प्रति गुस्सा है।
इससे चिंतित लोगों ने खराब पड़े हैंडपंप को जल्द ठीक करवाने की मांग की है ताकि वार्ड आठ की 500 से अधिक आबादी को पानी मिल सके। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। इनमें समाजसेवी बब्बू शर्मा, कृष्ण चंद, जगदीश चंद्र, रामदास और धर्मचंद, शोरी आदि शामिल रहे।