संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोट। तहसील के अमुआला में लोगों के घरों तक जल शक्ति विभाग की उचित जल आपूर्ति नहीं होने के कारण लोग पेयजल किल्लत की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पिछले लगभग एक महीने से लोग पानी की समस्या से दो-चार हो रहे हैं। विभाग की आपूर्ति कभी-कभार ही होती है और कुछ ही मिनट के लिए पानी आता है।
स्थानीय ग्रामीण संसार सिंह गोत्र ने बताया कि विभाग को पूछने पर विभाग की ओर से बसंतर में जल स्रोत सूखने का कारण बताया जाता है। वहीं, इस संबंध में पंचायत के पूर्व सरपंच मनोहर लाल गुप्ता ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पंचायत में काफी धीमी गति से कार्य चल रहा है जिस कारण परियोजना का लाभ लोगों को परियोजना के शुरू होने के तीन वर्ष बाद भी नहीं मिल पाया है।
लोगों ने विभाग से जल्द शेष बचे कार्य को पूरा करने के साथ लोगों को उचित पेयजल आपूर्ति का आग्रह किया है। स्थानीय ज्ञान सिंह गोत्र, जगदीश सिंह, दिलवार सिंह आदि ने परियोजना के अंतर्गत सर्वप्रथम जल स्रोतों के निर्माण कार्य को पूरा कर जल आपूर्ति उचित तरीके से पंचायत में बहाल करने की मांग रखी। इस संबंध में जल शक्ति विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता बिलावर सुरेंद्र सिंह को दो बार कॉल करने पर उन्होंने फोन नहीं उठाया।