-शोपीस बना हीरानगर का बस टर्मिनल शॉपिंग कांप्लेक्स, 25 दुकानों के शटर बंद
- ढाई महीने पहले हुआ तैयार, अब तक दुकानों की नहीं हो पाई नीलाम
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। कस्बे में 7.80 करोड़ की लागत से बना बस टर्मिनल शॉपिंग कांप्लेक्स मात्र शोपीस बनकर रह गया है। करीब ढाई महीने पहले यह कांप्लेक्स तैयार हो गया था लेकिन आज भी इसके भीतर बनी 25 दुकानों के शटर बंद हैं। लोगों को उम्मीद थी कि ये दुकानें उनके रोजगार का जरिया बनेंगी। लेकिन अब तक दुकानों की नीलामी नहीं हो पाई है।
स्थानीय निवासी रमेश कुंडल ने बताया कि कस्बे में करीब 14 कनाल भूमि पर बस टर्मिनल शॉपिंग कांप्लेक्स का निर्माण किया गया था। यह यहां के लोगों के लिए बहुत बड़ी सौगात है। इस पर करोड़ों रुपये सरकार ने खर्च किए जो जनता के टैक्स का पैसा है। अफसोस की बात है कि अभी तक कांप्लेक्स वीराना पड़ा है। उम्मीद थी कि यहां निर्मित दुकानों की नीलामी के बाद बेरोजगार युवा अपना रोजगार शुरू कर पाएंगे, निर्माण के ढाई माह बाद भी दुकानों के शटर बंद हैं जिससे लोगों में निराशा है। संबंधित विभाग को जल्द दुकानों की नीलामी करवानी चाहिए ताकि लोग अपना रोजगार शुरू कर सकें।
हीरानगर डेवलपमेंट फोरम के अध्यक्ष धीरज गुप्ता ने कहा कि इस कांप्लेक्स से स्थानीय लोगों को बड़ी उम्मीदें थीं। लेकिन अब ये उम्मीदें टूट रही हैं। दुकानें शुरू होने से लोगों को रोजगार मिलेगा बल्कि यहां चहल-पहल बढ़ने से कस्बे के व्यापार को भी लाभ होगा। अगर कुछ महीने और यह कांप्लेक्स बंद रहा तो इमारत को भी नुकसान हो सकता है। जल्द से जल्द इस कांप्लेक्स का संचालन शुरू होना चाहिए।
-
नीलामी के लिए पहले रेट तय करने की प्रक्रिया होगी। नीलामी के बाद लोगों को कांप्लेक्स में निर्मित दुकान अलॉट कर दी जाएंगी। मार्च से पहले यह प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
- सुभाष चंद्र, ईओ, निकाय समिति।