संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूरे होने पर बरवाल गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें शामिल होकर प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी आस्था जताई। वहीं, गांव में शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया।
रविवार को गांव में स्थित श्रीराम मंदिर से निकाली गई शोभायात्रा में जहां महिलाएं भजन कीर्तन करतीं नजर आईं, वहीं युवा प्रभु श्रीराम का जयघोष कर रहे थे। सैकड़ों लोगों ने पूरे गांव का भ्रमण करते हुए वापस मंदिर पहुंचकर शोभायात्रा को संपन्न किया। यहां विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। विशेष रूप से उपस्थित जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया ने गांव के लोगों को शोभायात्रा निकालने पर बधाई दी। कहा कि आज हम रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की वर्षगांठ मना रहे हैं, यह बहुत सौभाग्य का अवसर है।
आयोजन से जुड़े डॉ. जीत सिंह ने बताया कि ये आयोजन पूरे गांव के सहयोग से किया जा रहा है। एक माह तक चले इस आयोजन के तहत प्रतिदिन ब्रह्म मुहूर्त में गांव में प्रभात फेरी निकाली गईं और इसके बाद मंदिर में सत्संग होता था। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। रात को भव्य जागरण का आयोजन किया जा रहा है।