जिला सूचना केंद्र की ओर से वॉटरफ्रंट पर लेजर शो का किया गया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के मध्य विकसित वॉटरफ्रंट पर जिला सूचना केंद्र की ओर से लेजर शो का आयोजन किया गया। आस्था, देशभक्ति और सांस्कृतिक सहभागिता के अनूठे संगम ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिव तांडव, गंगा आरती और देशभक्ति से ओतप्रोत दृश्यों के साथ लाइट एंड साउंड लेजर शो ने दर्शकों से बार-बार तालियां बटोरीं।
जिला उपायुक्त डॉ. राकेश मिन्हास ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को सकारात्मक रूप से जोड़ना और कठुआ को स्वच्छ व सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध बनाना है। यह शुरुआत भर है। आगे और भी कार्यक्रमों से जनता और प्रशासन के बीच संबंधों को सशक्त किया जाएगा। उन्होंने कठुआ को ‘कचरा-मुक्त जिला’ बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई और स्थानीय युवाओं के विकास हेतु अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला इनडोर स्टेडियम निर्माण की जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि यह परियोजना कठुआ, जम्मू-कश्मीर और देश का नाम रोशन करने के लिए युवाओं को प्रेरित करेगी। वहीं विधायक डॉ भारत भूषण ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि कठुआ वॉटरफ्रंट शहर की नई पहचान बनकर उभर रहा है।