कटली में दंगल शुरू करवाते आयोजक। स्रोत आयोजक
कटली में वार्षिक दंगल का आयोजन, अलग-अलग भारवर्ग की 112 कुश्तियां करवाई
बिलावर। कटली में आयोजित किए गए वार्षिक दंगल में पंजाब दीनानगर के शमशेर पहलवान ने बिलावर उप जिले के बग्गन इलाके के राकेश पहलवान को हराकर दंगल पर कब्जा जमा लिया। दंगल का शुभारंभ दंगल कमेटी के सदस्यों ने शाम 4 बजे संयुक्त रूप से किया। दंगल में अलग-अलग भार वर्ग की 112 कुश्तियां करवाई गईं।
जम्मू-कश्मीर के पहलवानों के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के पहलवानों ने दंगल में बेहतरीन कुश्ती का प्रदर्शन किया। 3000 दर्शक दंगल देखने पहुंचे। छोटी माली का मुकाबला डोडा जिले के आरिफ पहलवान और पठानकोट के राशिद पहलवान के बीच हुआ। दोनों ने एक दूसरे को हराने के लिए पूरा जोर लगाया। करीब 1 घंटे तक चली कुश्ती में जब कोई भी पहलवान एक दूसरे को हरा न सका तो दंगल कमेटी ने दोनों पहलवानों को छोटी माली का संयुक्त विजेता घोषित कर दिया।
बड़ी माली का मुकाबला शमशेर और राकेश पहलवान के बीच हुआ जिसमें शमशेर पहलवान ने प्रतिद्वंदी को टंगी दांव लगाकर चित कर बड़ी माली अपने नाम कर ली। दंगल स्थल के पास विशाल मेले का आयोजन हुआ, जिसमें लगाए गए अलग-अलग प्रकार के स्टालों पर लोगों ने खूब खरीदारी की। इस मौके पर दंगल कमेटी के सदस्य सुरजीत सिंह, कमलेश कुमार, देशराज, रसाल चंद, कमल चंद, बलवंत सिंह व रमेश चंद्र मौजूद रहे।