कालीबड़ी और नगरी क्षेत्र में हुए हादसे, घायलों का उपचार जीएमसी कठुआ में जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। दो अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि एक युवक की मौत हो गई है। घायलों का उपचार जीएमसी कठुआ में जारी है जबकि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजन को सौंप दिया गया है। वह अमृतसर का रहने वाला था।
पहला हादसा शुक्रवार मध्य रात्रि राष्ट्रीय राजमार्ग पर कालीबड़ी के पास हुआ जहां एक कार और ट्रक की टक्कर हो गई। इस दौरान कार में सवार पांच लोग व ट्रक में सवार दो लोग घायल हो गए। इन्हें जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है। घायलों की पहचान 37 वर्षीय घारा राम और 24 वर्षीय विशाल सिंह दोनों निवासी आरएस पुरा, 27 वर्षीय नितीश चिब और 28 वर्षीय सुशांत सिंह दोनों निवासी नई बस्ती सतवारी व 27 वर्षीय सिमरनजीत सिंह निवासी डिग्याना के रूप में हुई है जो कार में सवार बताए गए हैं। ट्रक में सवार 28 वर्षीय बिलाल अहमद और 24 वर्षीय शौकत अहमद दोनों निवासी रामसू रामबन के रूप में हुई है।
दूसरा हादसा नगरी क्षेत्र में हुआ जहां एक ट्रक ने दूसरे ट्रक को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ट्रक में सवार 24 वर्षीय मनप्रीत सिंह पुत्र लाडी निवासी कठू नागल अमृतसर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।