संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। स्वच्छ भारत अभियान के तहत मंगलवार को गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल बिलावर के विद्यार्थियों ने कस्बे में रैली निकालकर स्वच्छता का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने स्लागन लिखी हुई पट्टियां लेकर लोगों को स्वच्छता रखने के लिए जागरूक किया।
एडीसी विश्वजीत सिंह की देखरेख मे आयोजित की गई रैली के दौरान विद्यार्थी नारे लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे थे। एडीसी ने बिलावर वासियों से अपील की के वह पॉलीथिन का प्रयोग करने से परहेज करें, सिंगल यूज प्लास्टिक वातावरण के लिए नुकसानदेय है। इसलिए इसका प्रयोग न करें और क्षेत्र को साफ सुथरा रखने में सभी लोग योगदान दें। विद्यार्थियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर सभी लोग अपने घरों के आसपास सफाई बनाए रखेंगे तो पूरा कस्बा स्वच्छ और सुंदर बना रहेगा। रैली कस्बे के अलग-अलग हिस्सों से होती हुई दोबारा स्कूल परिसर में संपन्न हो गई। इस मौके पर तहसीलदार बिलावर सुरेंद्र सिंह, कार्यकारी अधिकारी वरिंद्र पाल सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य स्कूल के प्रवक्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।