हीरानगर सेक्टर के जंगी चक, खनक सपालमां, तरनाह नाले में ढाई घंटे चलाया तलाशी अभियान
हाईवे से जुड़ने वाली सड़कों पर आने जाने वालों की बारीकी से की जा रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 फरवरी को होने वाले जम्मू दौरे से पहले भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों में सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं। लगातार तलाशी अभियान चलाने के अलावा सीमावर्ती गांवों में वीरान स्थानों, नदी-नालों के किनारे नजर रखी जा रही है।
वहीं, सशस्त्र बलों की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। इलाके की हर गतिविधि की जानकारी ली जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार सुबह भी एसओजी ने हीरानगर सेक्टर के जंगी चक, खनक सपालमां, तरनाह नाले में करीब ढाई घंटे तलाशी अभियान चलाया और इलाके को बारीकी से खंगाला। पुलिस ने भी सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी बढ़ा दी है। सीमावर्ती इलाके को हाईवे से जोड़ने वाली सड़कों पर आने जाने वालों की बारीकी से जांच की जा रही है। एसओजी के डीएसपी तिलक भारद्वाज ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जाता है। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर नदी नालों को और भी बारीकी से खंगाला जा रहा है। इलाके की हर गतिविधि की समय-समय पर जानकारी ली जा रही है। शाम के समय भी इन इलाकों में हमारी गश्त रहती है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।