सेना, सीआरपीएफ और जेकेपी की टीमों ने इलाके का चप्पा-चप्पा खंगाला
बिलावर। मढून पंचायत में बुधवार को सुरक्षाबलों ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। तलाशी अभियान में सेना, सीआरपीएफ और जेकेपी की टीमों ने इलाके का चप्पा-चप्पा खंगाला और शाम 7 बजे तक तलाशी अभियान जारी रहा।
सूत्रों के अनुसार मडून पंचायत के प्लेई इलाके में तीन संदिग्ध दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद दोपहर 12:30 बजे सुरक्षाबलों ने गांव में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी अभियान में ड्रोन और स्क्वायड डॉग की मदद भी ली गई। हेलिकॉप्टर के माध्यम से पेरा कमांडोज को भी इलाके में उतरा गया इस दौरान मडून और आसपास से सटे इलाकों में तनाव की स्थिति बनी रही। बता दें के मडून से सटे इलाकों में पिछले कई महीनों से आतंकी सक्रिय हैं। मार्च महीने में इसी इलाके से सटे इच्छू नाले में संदिग्ध परिस्थितियों में तीन निर्दोष लोगों के शव बरामद हुए थे, जिनकी हत्या की गुत्थी आज तक नहीं सुलझ पाई है।
मडून इलाके में तीन संदिग्ध दिखाई देने के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कटली सड़क के मुख्य मार्गों के साथ-साथ लिंक मार्गो पर सुरक्षाबल डटे हुए हैं। दूरदराज क्षेत्र को जोड़ने वाले नदी-नालों के रास्तों को सील कर दिया है। इलाके में आने जाने वाले अनजान लोगों से सुरक्षाबल पूछताछ कर रहे हैं। बता दें कि उपमंडल के इलाकों में पिछले 6 महीनों से आतंकवादी गतिविधियों में काफी बढ़ोतरी देखी गई है। संवाद