डिंगा अंब और आसपास के इलाके में हुए थे वायरलेस ऑन, सुरक्षाबलों ने इलाके में निगरानी बढ़ाई
कठुआ। जिले में आतंकियों और उनके मददगारों पर शिकंजा कसने के लिए सुरक्षाबलों का अभियान लगातार 13वें दिन भी जारी रहा। सन्याल मुठभेड़ के बाद से भागे आतंकियों की तलाश में सुरक्षाबलों ने जिले में जगह-जगह नाकेबंदी कर रखी है।
रात को भी विशेष गश्त की जा रही है। सुरक्षाबलों ने शुक्रवार रात नौ बजे एक बार फिर आतंकियों का वायरलेस इंटरसेप्ट किया है। इससे पहले आतंकियों की सुफैन की ओर मूवमेंट से पहले भी वायरलेस इंटरसेप्ट पकड़े गए थे।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक डिंगा अंब और इसके आसपास इलाके में वायरलेस सेट को इंटरसेप्ट किया गया, जो कुछ देर के लिए ऑन हुए थे। सुरक्षाबलों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। उधर, सीमावर्ती इलाकों में भी पुलिस की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सन्याल और आसपास के इलाकों में भी गश्त की जा रही है। जिले के पहाड़ी इलाकों में सदरोता से लेकर मछेड़ी और मल्हार के इलाकों में लगातार सुरक्षाबलों की ओर से आतंकियों की तलाश में अभियान चलाए जा रहे हैं। संदिग्धों की मूवमेंट पर भी नजर रखी जा रही है। संवाद