बिलावर। भारत-पाकिस्तान तनाव के चलते बंद किए गए सरकारी और निजी स्कूल बुधवार को आठ दिन बाद फिर खुल गए। एक सप्ताह पहले प्रदेश सरकार ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव को देखते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया था।
डिप्टी सीईओ चमन लाल ने बताया कि बुधवार को एक सप्ताह बाद बिलावर शिक्षा जोन, मल्हार शिक्षा जॉन और भड्डू शिक्षा जोन के सभी निजी और सरकारी स्कूल खुल गए हैं। अधिकारी ने बताया कि पहले दिन विद्यार्थियों की उपस्थिति लगभग 76% रही। अधिकारी ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वह अपने बच्चों को स्कूल भेजें। बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच 10 मई को आपसी समझौते में सीजफायर की घोषणा की गई थी। इससे पहले चार दिन तक दोनों देशों के बीच ड्रोन और मिसाइल हमले की घटना सामने आई थी, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बन गई थी। अब हालत में सुधार के संकेत मिल रहे हैं और स्कूलों में नियमित पढ़ाई दोबारा से शुरू हो गई है