बनी कस्बे के आसपास फॉरेस्ट चेक पोस्ट से लेकर ढग्गर पुल तक का रास्ता प्रभावित
बनी। बनी-बसोहली मार्ग समेत अन्य लिंक सड़कों पर आए दिन निर्माणाधीन मकानों और स्टोन क्रशरों की सामग्री खुलेआम सड़कों पर बिखरी नजर आ रही है। इससे दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। खासतौर पर रेत, बजरी और छोटे कंकड़ सड़कों पर फैले हुए हैं।
बनी कस्बे के आसपास फॉरेस्ट चेक पोस्ट से लेकर ढग्गर पुल तक का रास्ता इन समस्याओं से बुरी तरह प्रभावित है। कई जगहों पर पत्थर और रेत सड़क के किनारे ही नहीं, बल्कि बीचोबीच बिखरे रहते हैं। इससे न केवल ट्रैफिक में बाधा उत्पन्न हो रही है, बल्कि टू-व्हीलर चालकों को फिसलने और गंभीर दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से इन समस्याओं पर जल्द संज्ञान लेते हुए सख्त कदम उठाए की मांग की है। संवाद
-
हम रोजाना इसी रास्ते से गुजरते हैं और कई बार बाइक स्लिप होते-होते बची है। प्रशासन को जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, नहीं तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। निर्माण सामग्री को इस तरह से सड़क पर फेंक देना गैरजिम्मेदाराना है। न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया है, न ही कोई सुरक्षा उपाय। यह जनता की जान से खिलवाड़ है।
दिलीप कुमार, स्थानीय निवासी
लोआंग की ओर जाने वाले मार्ग की स्थिति दयनीय बनी हुई है। इस रास्ते में तीन स्थानों पर स्टोन क्रशर हैं, जिनसे निकलने वाली बजरी और रेत खुले में सड़कों पर बिखरी रहती है।
संजीव कुमार, स्थानीय निवासी
इस सड़क की सफाई की जिम्मेदारी बीआरओ के अधीन है, लेकिन विभाग आंखें मूंदे बैठा है। मजदूर तो रखे हैं, मगर न वो झाड़ू लगाते हैं और न पत्थर हटाते हैं। अगर यही हाल रहा तो स्थिति और गंभीर हो जाएगी।
कमरदीन, स्थानीय निवासी