- राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह : जिला परिवहन विभाग ने हादसों पर अंकुश लगाने के लिए किया प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिले में जागरूकता कार्यक्रमों की शृंखला में शहर के नगरी बस अड्डे पर जिला परिवहन विभाग की ओर से यात्री वाहन चालकों के साथ संवाद कर उन्हें सड़क हादसों पर अंकुश लगाने संबंधी यातायात नियमों का पालन करने को प्रेरित किया गया।
एआरटीओ शम्मी शर्मा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग की टीम ने वाहन चालकों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित कीं। वहीं, नेत्र चिकित्सकों ने वाहन चालकों के आंखों की जांच कर उन्हें वाहन चलाने में आने वाली दृश्यता समस्याओं का समाधान करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। विभाग के इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के लिए बनाए गए नियमों की जानकारी दी और इनका पालन पालन करने को कहा।
बताया कि यात्री वाहन चालक की जिम्मेदारी बनती है कि यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाए। कई बार चालक यातायात नियमों की अनदेखा कर देते हैं। इसके परिणाम स्वरूप सड़क हादसे होते हैं। हादसों से बचने के लिए हमेशा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए।
-
बीमार होने पर यात्री वाहन न चलाएं चालक
आयुष कर्मचारियों ने वाहन चालकों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाएं दी। वाहन चालकों के ब्लड प्रेशर व शुगर की जांच भी की गई। वाहन चालकों को जागरूक किया गया कि कई बार हम बीमार होने के बावजूद चालक वाहन चलाते हैं। ऐसी स्थिति में सड़क दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। इससे बचने के लिए सभी वाहन चालकों को अपने स्वास्थ्य की नियमित रूप से जांच करानी चाहिए। अगर कोई यात्री वाहन चालक किसी शारीरिक समस्या ग्रस्त है तो बिना डॉक्टर की सलाह के उसे ड्राइविंग नहीं करनी चाहिए।
हाईवे पर दौड़ते ई-रिक्शा पर रोक लगाने की मांग
इस दौरान मिनी बस चालकों ने हाईवे पर दौड़ने वाले ई-रिक्शा पर रोक लगाने की मांग एआरटीओ के समक्ष रखी। बताया कि कुछ सालों से बहुत तेजी से बढ़ रही ई-रिक्शा की संख्या से उनका रोजगार प्रभावित हुआ है। दिन भर की मेहनत के बाद उनका डीजल का खर्च भी पूरा नहीं हो पाता है। शहर की हर गली, हाईवे और लिंक मार्ग पर ई-रिक्शा का कब्जा हो चुका है। हाईवे पर प्रतिबंधित होने के बावजूद धड़ल्ले से ई-रिक्शा दौड़ रहे हैं। इन पर अंकुश नही लगाया जा रहा है। वहीं, एआरटीओ ने बताया कि विभाग समय-समय पर नाके लगाकर निर्धारित रूट पर नहीं चलने वाले ई-रिक्शा के चालान काटता है। आने वाले दिनों में हाईवे पर विशेष नाके लगाए जाएगे।
आकाश सक्सेना
आकाश सक्सेना
आकाश सक्सेना