मैन ऑफ द मैच रहे खिलाड़ी को सम्मानित करते आयोजक।
- भड्डू प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता : मौसम साफ रहा तो आज खेला जाएगा चौथा क्वार्टर फाइनल मुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। भड्डू प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में बारिश के चलते मैदान गीला होने के कारण रविवार को चौथा क्वार्टर फाइनल मुकाबला नहीं हो सका। वहीं, शनिवार को हुए तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच में रॉयल क्रिकेट क्लब बिलावर ने महानपुर क्रिकेट क्लब की टीम को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच में रॉयल क्रिकेट क्लब बिलावर की टीम ने महानपुर क्रिकेट क्लब को छह विकेट से हराया। इससे पूर्व महानपुर की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर में महानपुर की टीम अंतिम ओवर में 169 रन बनाकर आलआउट हो गई। महानपुर के बल्लेबाज अक्षय ने सर्वाधिक 58 रन बनाए। वहीं, बल्लेबाज संजीत ने 39 रनों का योगदान दिया। रॉयल क्रिकेट क्लब के गेंदबाज सक्षम रैना ने तीन और आशीष पाल खजूरिया ने दो विकेट लिए।
170 रनों का पीछा करने उतरी रॉयल क्रिकेट क्लब की टीम के बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य को 15वें ओवर में चार विकेट गंवाकर पूरा कर लिया। रॉयल क्रिकेट क्लब के बल्लेबाज संचित शर्मा ने 58 और करुण ने अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 53 रन बनाए। वहीं, बल्लेबाज रोनी ने 34 रनों का योगदान दिया। महानपुर के गेंदबाज अरुण ने दो विकेट हासिल किए।
उधर, आयोजकों ने बताया कि अगर सोमवार को मौसम साफ रहा तो क्रिकेट प्रतियोगिता का चौथा क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।