रस्सी के सहारे नाले के दूसरे छोर पर राशन पहुंचाती टीम। स्रोत जागरूक पाठक
बिलावर उप मंडल के बग्गन ब्लॉक में बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित ब्राटल और बघेली गांवों में रहने वाले लोगों को आखिरकार राहत मिली है। पिछले 15 दिनों से भीनी नाले में आई भीषण बाढ़ के कारण इन गांवों का सड़क संपर्क उप मंडल मुख्यालय से पूरी तरह से कट गया था। इस आपदा से लगभग 40 परिवारों के 200 से अधिक लोग प्रभावित हुए थे, जिन्हें खाने-पीने की चीजों की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा था।
रविवार को जब नाले का जलस्तर थोड़ा कम हुआ तब तहसीलदार सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक सरकारी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से नाले के एक किनारे से दूसरे किनारे तक एक मजबूत रस्सी बांधी। इसी रस्सी को के जरिए राशन और अन्य जरूरी सामान बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचाया गया। प्रशासन की इस सहायता के बाद लंबे समय से परेशान लोगों को काफी राहत मिली है। तहसीलदार ने आश्वासन दिया है कि सरकार आपदा पीड़ितों की हर संभव मदद करती रहेगी।