रामकोट। भारी बारिश के कारण धार सड़क छलां में सड़क के धंस जाने के कारण यातायात बाधित हो गया है। सड़क पर हल्के वाहन तो चले, लेकिन बड़े वाहनों डंपर, ट्रक, यात्री बसों और मिनी बसों का आवागमन ठप होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खस्ताहाल सड़क पर पहले यात्रियों को पैदल पार करवाया गया और उसके बाद गाड़ियों का आवागमन निर्धारित किया गया। इससे लोगों को बिलावर से उधमपुर या बिलावर से जम्मू जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि ग्रेफ विभाग की ओर से सड़क को दुरुस्त करने का कार्य किया गया लेकिन इसके बावजूद वाहनों की लंबी-लंबी कतारें और जाम की स्थिति के कारण लोग परेशान रहे।